स्वर्ण पदक जीतने वाले मनीष नरवाल और रजत पदक जीतने वाले सिंहराज सिंह अडाना

 | 
ok

 राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने तोक्यो पैरालम्पिक में निशानेबाजी मिश्रित 50 मीटर पिस्टल एसएच1 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले मनीष नरवाल और रजत पदक जीतने वाले सिंहराज सिंह अडाना की शनिवार को सराहना की तथा भविष्य में और भी जीत की कामना की। राष्ट्रपति भवन ने राष्ट्रपति कोविंद के हवाले से ट्वीट में कहा, निशानेबाजी में स्वर्ण पदक जीत कर युवा मनीष नरवाल ने भारतीयों को गौरवान्वित किया है और पैरालंपिक में तिरंगे का मान ऊंचा रखा है। उन्होंने कहा, आपने इतने कम उम्र में अत्यधिक प्रतिभा और समर्पण का प्रदर्शन किया है। आपको हार्दिक बधाई। भविष्य में आप और ख्याति अर्जित करें।

राष्ट्रपति ने एक अन्य ट्वीट में निशानेबाजी मिश्रित 50 मीटर पिस्टल एसएच1 स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाले सिंहराज सिंह अडाना की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिंहराज अडाना ने रजत पदक जीता और तोक्यो पैरालंपिक में पहले कांस्य पदक जीत के साथ एक और उपलब्धि हासिल की। कोविंद ने कहा, आपके असाधारण प्रदर्शन के लिये बधाई । आप भविष्य में और जीत हासिल करें।

नरेन्द्र मोदी ने भी दी बधाई
वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तोक्यो पैरालम्पिक में पदक जीतने के लिए मनीष नरवाल और सिंहराज अडाना को शनिवार को बधाई दी और कहा कि जारी खेलों में गौरवशाली क्षण लगातार आ रहे हैं। निशानेबाज मनीष नरवाल ने मौजूदा पैरालम्पिक खेलों में भारत की झोली में तीसरा स्वर्ण पदक डाला जबकि सिंहराज अडाना ने पी4 मिश्रित 50 मीटर पिस्टल एसएच 1 स्पर्धा में रजत पदक जीता।

मोदी ने ट्वीट किया, 'तोक्यो पैरालम्पिक से गौरवशाली क्षण लगातार आ रहे हैं। युवा और प्रतिभाशाली मनीष नरवाल की महान उपलब्धि। उनका स्वर्ण पदक जीतना भारतीय खेलों के लिए एक खास क्षण है। उन्हें बधाई। भविष्य के लिए शुभकामनाएं।'