चेन्नई की कमान फिर से MS धोनी के पास
महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni Captain) एक बार फिर से चेन्नई सुपरकिंग्स (Chennai Super Kings) के कप्तान बनने जा रहे हैं। टीम के कप्तान रवींद्र जडेजा ने छह हार के बाद शनिवार (30 अप्रैल 2022) को अपना पद छोड़ दिया है। दरअसल, चेन्नई की टीम मौजूदा सीजन में अब तक सिर्फ दो मैचों ही जीत पाई है।
धोनी रविवार (1 मई 2022) को बतौर कप्तान सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले मैच में उतरेंगे। धोनी आईपीएल इतिहास के दूसरे सफल कप्तान हैं। उनके नेतृत्व में सीएसके ने 2010, 2011, 2018 और 2021 में चार बार खिताब अपने नाम किया है। धोनी की अगुआई में कुल 204 मैच खेले गए हैं, जिसमें से चेन्नई ने 121 मैच जीते हैं। वहीं 82 मैचों में हार मिली है। बताया जा रहा है कि ईपीएल शुरू होने से दो दिन पहले कप्तानी से हटने का फैसला किया था।
चेन्नई सुपरकिंग्स टीम ने अपने बयान में कहा, “जडेजा ने खेल पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कप्तानी से हटने का फैसला किया है। उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी से फिर कप्तानी करने का अनुरोध किया है। धोनी ने टीम के हित में इसे स्वीकार कर लिया है।”
बता दें कि टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के इस्तीफा देने के बाद जडेजा ने इसी साल यानी आईपीएल 2022 में पहली बार टीम की कप्तानी संभाली थी। लेकिन वह अपनी टीम का दबदबा कायम रखने में नाकामयाब रहे। बतौर कप्तानी और खेल में उनका दमदार प्रदर्शन नहीं रहा। जडेजा (Ravindra Jadeja) ने मौजूदा सीजन में 92 गेंदों का सामना किया है और 112 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 121.7 का रहा है। इसी दबाव के चलते उन्होंने कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया है।